21/10/2025
महाकाल के दरबार में अंतिम प्रणाम... भस्म आरती के ठीक पहले मंदिर में भक्त ने तोड़ा दम
#उज्जैन - सोमवार तड़के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान एक भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब महाकाल के अनन्य भक्त की मंदिर परिसर में ही मृत्यु हो गई।
47 वर्षीय सौरभ राज सोनी, निवासी पार्श्वनाथ सिटी, हर सोमवार को भस्मारती में शामिल होते थे, इस बार भी भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे थे। करीब डेढ़ बजे वे मंदिर के गेट नंबर एक के पास अचानक अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सौरभ फ्रीगंज क्षेत्र में विनायक कैफे के नाम से चाय की दुकान चलाते थे और लंबे समय से महाकाल के भक्त के रूप में जाने जाते थे। संयोग की बात यह रही कि आरती से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने वॉट्सएप स्टेटस पर लिखा था —
“मिट्टी का शरीर है, सांसें सारी उधार हैं, दिल तो महाकाल का है, हम तो किरायेदार हैं।”
महाकाल के दरबार में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने सौरभ को सच्चा भक्त बताते हुए कहा —
“महाकाल ने अपने भक्त को अपने ही चरणों में स्थान दिया।”