22/03/2026
22 मार्च को इतिहास रचेगा सुपौल, जिला स्थापना दिवस और बिहार दिवस का होगा संयुक्त भव्य आयोजन
सुपौल: संघर्षों, उपलब्धियों और विकास यात्रा का गवाह बना सुपौल जिला इस वर्ष अपने स्थापना के 36वें वर्ष में प्रवेश करेगा, वहीं बिहार भी अपने 115 साल के गौरवशाली इतिहास को याद करेगा। खास बात यह है कि इस बार ये दोनों ऐतिहासिक अवसर 22 मार्च को एक साथ मनाए जाएंगे। इस संयुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है।
आमतौर पर सुपौल जिला स्थापना दिवस हर वर्ष 14 मार्च को मनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार जिला स्थापना दिवस और बिहार दिवस को एक साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। साथ ही गांधी मैदान स्थित तालाब को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। हालांकि शुक्रवार की संध्या से हो रही बारिश के कारण मैदान में पानी जमा होने से थोड़ी परेशानी जरूर उत्पन्न हुई है।
संयुक्त आयोजन के तहत 22 मार्च की सुबह 7 बजे से 9 बजे तक प्रभातफेरी निकाली जाएगी। यह प्रभातफेरी गांधी मैदान से शुरू होकर लोहिया चौक, पेट्रोल पंप, स्टेशन चौक, महावीर चौक होते हुए पुनः गांधी मैदान में समाप्त होगी। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया जाएगा और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरण भी किया जाएगा।
इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं संध्या 6 बजे गांधी मैदान स्थित पोखर पर दीप और कैंडल जलाकर जिले के गौरवमयी सफर को सलाम किया जाएगा। इसके बाद कार्यक्रम में नामचीन कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो आयोजन को और खास बनाएंगी।
यह आयोजन न सिर्फ सुपौल के ऐतिहासिक सफर को याद करेगा, बल्कि बिहार की समृद्ध विरासत, संस्कृति और विकास यात्रा को भी एक मंच पर सम्मान देगा। जिले के लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध प्रशासनिक जानकारी और स्थानीय स्तर पर प्राप्त विवरण के आधार पर तैयार की गई है। कार्यक्रम के समय, स्वरूप या व्यवस्था में प्रशासनिक कारणों से बदलाव संभव है। अंतिम और आधिकारिक सूचना के लिए संबंधित जिला प्रशासन के निर्देश को ही मान्य माना जाए।
#सुपौल #बिहारदिवस #जिलास्थापनादिवस #22मार्च #गांधीमैदान #प्रभातफेरी #सांस्कृतिककार्यक्रम #सुपौलसमाचार #बिहारसमाचार