07/12/2025
तैयारियाँ दस दिन चलती रहीं, पर लाइसेंस न मिला; नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन अब नए साल में संभव - CM योगी ने नई तारीख के संकेत दिए
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन एक बार फिर टल गया है। एयरपोर्ट को अभी तक एरोड्रोम लाइसेंस नहीं मिल पाया, जिसकी वजह से उद्घाटन कार्यक्रम रोक दिया गया। बीते दस दिनों से स्थल पर तेजी से तैयारियाँ की जा रही थीं, लेकिन शुक्रवार शाम से इन्हें अचानक रोक दिया गया।
पिछले दस दिन से एयरपोर्ट परिसर में जर्मन हैंगर की सेटिंग, मुख्य मंच, कुर्सियाँ, सोफे और कालीन बिछाने का काम लगातार चलता रहा। पुलिस, प्रशासन और सभी विभाग प्रधानमंत्री की संभावित जनसभा को देखते हुए पूरी तैयारी में जुटे थे।
हालांकि शुक्रवार शाम हालात बदल गए। जनसभा की तैयारियाँ रोक दी गईं और शनिवार सुबह से इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने अपना सामान स्थल से हटाना शुरू कर दिया।
इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अलग कार्यक्रम में कहा कि देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट अगले दो महीनों में उद्घाटन के लिए तैयार हो जाएगा। इस बयान के बाद माना जा रहा है कि जेवर और आसपास के लोगों को अब एयरपोर्ट की सौगात नए साल में ही मिलेगी।
सरकारी स्तर पर अब तक न तो उद्घाटन की तारीख की आधिकारिक पुष्टि की गई थी और न ही कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी गई है। अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है, लेकिन तैयारियों के अचानक रुकने से यह साफ है कि उद्घाटन अब आगे बढ़ चुका है।