20/12/2014
नॉर्थ ईस्ट जाने वाले छात्रों को रेल किराए में 60% छूट, राजधानी, शताब्दी में अगले साल से WiFi
नई दिल्ली: नए साल पर आपके जश्न की खुशियों में इजाफा करने के लिए रेलवे आपके लिए कई तोहफे लेकर आ रहा है. इनमें सबसे ज्यादा फायदा नई दिल्ली से लॉर्थ ईस्ट जाने वाले छात्रों को होगा.
रेलवे ने आईआरसीटीसी के जरिए चलाई नई दिल्ली से नॉर्थ-ईस्ट की ओर जाने वाले किराए में 60% छूट देने का फैसला किया है. इस योजना को तत्काल प्रभाव से एक साल के लिए लागू कर दिया है. दिल्ली से नॉर्थ ईस्ट जाने वाले स्टूडेंट्स को इस सुविधा का लाभ सिर्फ स्लीपर कोच में ही मिलेगा.
नॉर्दर्न रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने एबीपी न्यूज़ को बताया, 'ऩई दिल्ली से नॉर्थ ईस्ट की ओर जाने वाले स्टूडेंट्स यह छूट केवल आईआरसीटीसी के माध्यम से बुक किए गए टूर पैकेज में ही दी जाएगी. यह छूट सिर्फ बेसिक किराए पर ही मिलेगी. इस छूट के लिए छात्रों को स्कूल या कॉलेज से मिलने वाला सर्टिफिकेट पेश करना जरूरी होगा.'
इसके अलावा रेलवे नए साल में शताब्दी, राजधानी और दूरंतो में वाई फाई की सुविधा भी देगा. ट्रेन में वाईफाई सुविधा मिलने के बाद यात्री अपने स्मार्टफोन, लैपटॉप आदि ट्रेन में ही इंटरनेट चला पाएंगे. इस सेवा को परखने के लिए रेलवे ने नई दिल्ली-हावडा राजधानी एक्सप्रेस में वाई फाई सुविधा पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की थी.
इस ट्रेन में वाइफाई का प्रयोग सफल रहा जिसके बाद रेलवे ने शताब्दी, राजधानी व दूरंतो एक्सप्रेस में यह सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है. अगले साल मार्च तक इन ट्रेनों में वाईफआई की सेवा शुरू होने की उम्मीद है.
नीरज शर्मा ने एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए कहा, 'रेलेव इस योजना पर विचार कर रहा है, फिलहाल मामला रेलवे बोर्ड के पास है.'