22/09/2026
खजनी में इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों में चाकूबाजीः दो छात्र घायल विवाद के बाद एक-दूसरे पर किया हमला
खजनी गोरखपुर
खजनी माल्हनपार मुख्य मार्ग पर आदर्श इंटर कॉलेज हरदीचक के पीछे मंगलवार दोपहर छात्रों के बीच विवाद हिंसक हो गया। विद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर दो हाईस्कूल छात्रों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों छात्र घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
यह घटना हरदीचक गांव स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में दोपहर करीब 1 बजे हुई। सातवीं घंटी की पढ़ाई चल रही थी, तभी सहसीं गांव निवासी हाईस्कूल छात्र विनय (14) पुत्र श्रीराम और हरिहरपुर ग्राम-पंचायत के माघीपार गांव निवासी शिवम कुमार (17) पुत्र बेचन किसी बात पर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और फिर चाकूबाजी में बदल गई।
चाकू के हमले में विनय के सीने पर गहरे घाव आए हैं। वहीं, शिवम के बाएं अंडकोष, सिर और हाथ में गंभीर चोट लगी। दोनों को लहूलुहान देखकर मौके पर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कुछ छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन चाकूबाजी देखकर बाकी छात्र वहां से भाग गए।
किसी ने घटना की सूचना पुलिस के 112 नंबर और एंबुलेंस सेवा 108 को दी। गंभीर रूप से घायल शिवम को पहले बढ़नी चौराहे पर स्थित राजेश मेडिकल स्टोर पर ले जाया गया, जहां खून रोकने की कोशिश की गई। एंबुलेंस पहुंचने पर उसे बांसगांव सीएचसी ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। विनय का प्राथमिक उपचार हरनहीं सीएचसी में कराया गया।
बताया गया कि शिवम अपने ननिहाल में नाना रामसजन, नानी सरस्वती और मामा दिनेश के साथ रहकर पढ़ाई करता था।
बांसगांव थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर विशाल सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। घायल छात्रों को इलाज के लिए भेजा गया है और तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्य दिनेश सिंह ने बताया कि स्कूल में सातवीं घंटी की पढ़ाई चल रही थी और उन्हें स्कूल के बाहर मारपीट की जानकारी मिली है। कुछ लोगों ने बाहरी बच्चों के बीच विवाद की बात बताई है। अगर विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच मारपीट का पता चलता है तो अभिभावकों को बुलाकर नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी